लालकुआं। लंबे संघर्ष के बाद बिंदुखत्ता पूर्व सैनिक संगठन को आखिरकार वन विभाग से शहीद स्मारक स्थल के पास जनमिलन केंद्र के लिए एक बीघा भूमि का आज हस्तांतरण हो गया।
तराई पूर्वी वन प्रभाग से आयी टीम द्वारा पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त सर्वेक्षण एवं सीमांकन का कार्य किया गया, इसके बाद वन विभाग के सर्वेयर एवं अन्य अधिकारियों ने जीपीएस द्वारा नापजोक करके एक बीघा वन भूमि पूर्व सैनिक संगठन को हस्तांतरित कर दी, जिस पर पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने खंबे गाड़ कर अपनी हथबंदी कर दी है। इस मौके पर वन विभाग के सर्वेयर वेद प्रकाश, उप वनक्षेत्राधिकारी दीप चंद्र आर्य, सैनिक कल्याण अधिकारी रमेश सिंह अधिकारी, वन बीट अधिकारी दीपक भंडारी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, दलबीर सिंह कफोला, इंद्र सिंह पनेरी, हीरा सिंह बिष्ट, खुशाल सिंह कोश्यारी, प्रकाश चंद्र मिश्रा और हीरा सिंह अधिकारी समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
इधर गौला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि आज पूर्व सैनिक संगठन को उनके लिए आबंटित की गई लगभग एक बीघा भूमि का हस्तानांतरण करते हुए उक्त भूमि उन्हें सौंप दी गई है।
इस मौके पर पूर्व सैनिक संगठन के मीडिया प्रभारी प्रकाश मिश्रा ने बताया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल उक्त स्थान पर भव्य जन मिलन केंद्र का निर्माण एक करोड़ 55 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा।
फोटो परिचय- शहीद स्मारक स्थल के पास पूर्व सैनिक संगठन को जन मिलन केंद्र के लिए आवंटित की गई भूमि को अपने कब्जे में लेते पदाधिकारी
