हल्द्वानी। यहां सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे एक मरीज की पर्ची काउंटर के पास मौत हो गई। मरीज काफी देर तक वहीं पड़ा रहा। शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर लोग उसे इमरजेंसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रोज की तरह बेस अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगी थी। कुछ मरीज पर्ची की लाइन में खड़े थे तो कुछ ओपीडी के बाहर कतार में बारी का इंतजार कर रहे थे। करीब 10 बजे पर्ची काउंटर के पास एक व्यक्ति पड़ा था। अस्पताल आए ज्यादातर लोग उसे नजरअंदाज कर जा रहे थे। व्यक्ति के शरीर में कोई हरकत नहीं होने पर कुछ लोग पार्षद प्रेम बेलवाल की मदद से उसे इमरजेंसी में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मरीज के पास जो कागज मिले हैं उनमें उसका नाम नीरज पांडे लिखा है। मामले में बेस अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस दत्ताल ने बताया कि मृतक के पास मिली पर्ची देखकर अंदाज लगाया जा रहा है कि उसका अस्पताल से इलाज चल रहा था। शुक्रवार को भी वह अपने इलाज के सिलसिले में आया होगा। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जरूरी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मृतक तक के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।





