उत्तराखण्ड

लालकुआं क्षेत्र में घरेलू एलपीजी संकट पर प्रशासन सतर्क, अब “छोटू सिलेंडर” से मिलेगी राहत… देखें वीडियो…

लालकुआं। क्षेत्र में घरेलू एलपीजी गैस वितरण में आ रही समस्याओं को लेकर तेल कंपनियों ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंडल के एलपीजी बिक्री प्रमुख देहरादून, स्वर्ण सिंह ने सुरुचि इंडेन गैस सर्विस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और कई शिकायतों का तत्काल निस्तारण भी कराया।
स्वर्ण सिंह ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोग आधार कार्ड दिखाकर 5 किलो का एफटीएल (छोटू सिलेंडर) आसानी से प्राप्त कर सकते हैं, जिससे खाना बनाने में आ रही दिक्कतों से राहत मिलेगी।
उन्होंने विशेष रूप से बताया कि प्रवासी मजदूर, बाहर से आकर काम करने वाले लोग, तथा अन्य शहरों से पढ़ाई के लिए आए छात्र-छात्राएं भी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में स्थानीय लोग भी छोटे सिलेंडर का उपयोग कर सकते हैं, जिससे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की पैनिक स्थिति से बचा जा सके।
स्वर्ण सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं के नए गैस कनेक्शन फिलहाल जारी नहीं हो पा रहे हैं, वे भी इस 5 किलो छोटे सिलेंडर की सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
प्रशासन और गैस एजेंसियों द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से उम्मीद है कि जल्द ही एलपीजी आपूर्ति सामान्य हो जाएगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
फोटो परिचय- परेशान महिला को 5 किलो का एलपीजी सिलेंडर देते गैस एजेंसी में निरीक्षण करने आए अधिकारी

To Top