हल्द्वानी। शहर के एक बार में शराब पीने के बाद युवकों ने नशे में हवा में फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिस ने आरोपितों की शिनाख्त कर ली है। लेकिन उन्हें तमंचा नहीं मिल पा रहा है, जिसे ढूंढने में पुलिस जुट गई है। बार में फायरिंग की घटना सात नवंबर की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक काठगोदाम क्षेत्र में रहने वाले दो युवक दमुवाढूंगा के एक बार में शराब पीने के लिए पहुंचे। शराब पीने के बाद एक युवक ने तमंचा निकाल लिया और बार में हवा में फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद बार में मौजूद अन्य लोग सकते में आ गए। खुला तमंचा देख लोगों ने विरोध भी नहीं किया। फायरिंग करते ही दोनों युवक आराम से बार से बाहर निकल गए। इसके बाद किसी ने घटना की सूचना काठगोदाम पुलिस को दी। इसके बाद दो सिपाहियों ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी में दोनों फायर करते नजर आए हैं। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि बार में फायरिंग की घटना संज्ञान में है। इसमें मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपितों को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





