उत्तराखण्ड

आश्चर्य:- इस बार पंडितों के बीच प्रतिस्पर्धा के चलते एक के बजाय 2 दिन रक्षाबंधन पर्व का लुफ्त उठा रहे क्षेत्रवासी, स्कूलों की छुट्टी भी 2 दिन होने से बच्चों की मौज ही मौज….. पढ़ें क्या विशेष है इस बार रक्षाबंधन पर्व पर…


लालकुआं। इस बार रक्षाबंधन पर्व 2 दिन का होने के चलते क्षेत्र के आधे परिवारों की बहनों ने 11 अगस्त को अपने प्रिय भाइयों की कलाई में राखी बांधकर उनके स्वस्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की। पहले दिन रक्षाबंधन का पर्व कुछ फीका फीका रहा सामूहिक रूप से सभी परिवारों द्वारा नहीं मनाने के चलते लोगों में अधिक उत्साह नहीं देखा गया। वही आज दूसरे दिन 12 अगस्त को आधी आबादी रक्षाबंधन पर्व मना रही है।
रक्षाबंधन भाई-बहिन का एक दूसरे के प्रति प्रेम, स्नेह और समर्पण का त्योहार है। परंतु इस वर्ष कुमाऊं क्षेत्र के कुछ पंडितों द्वारा 11 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन भद्रा होने की बात कहते हुए यह त्योहार अगले दिन यानी 12 अगस्त को मनाने की बात कही थी, और इसी कारण रक्षा बंधन का पर्व सभी लोग इस बार सामूहिक रूप में एक ही दिन नहीं मना पाए। कुछ परिवारों ने यह पर्व गुरुवार को मनाया तो कुछ परिवार इसे 12 अगस्त शुक्रवार को मना रहे हैं।
क्षेत्र के कुछ घरों में गुरुवार को दूरदराज रहने वाली बहने अपने भाइयों की कलाई में राखी बांधने यहां पहुंची थी, गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी प्रातः से ही क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। लोगों ने पहली राखी भगवान को चढ़ाई उसके बाद अपने प्रिय भाई की कलाई में राखी बांधी। तथा प्रातः ही भगवान के मंदिर में पूजा अर्चना के बाद नई जनेऊ धारण करने की धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। इस मौके पर भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार दिए। क्षेत्र में कुछ परिवार ऐसे भी हैं जो गुरुवार और शुक्रवार दोनों ही दिन रक्षाबंधन का पर्व मना कर इस पर्व का भरपूर आनंद उठा रहे हैं। वैसे 11 अगस्त को तमाम सरकारी कार्यालयों, बैंकों सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में छुट्टी थी, परंतु अब 12 अगस्त को भी क्षेत्र के निजी विद्यालयों ने अवकाश घोषित कर दिया है, जिसके चलते इस बार रक्षाबंधन पर्व 2 दिन मनाया जा रहा है।
फोटो परिचय- अपने भाईयो को रक्षा सूत्र बांधती बहन

To Top