उत्तराखण्ड

बड़ी खबर:- अल्मोड़ा से आ रही बस खाई में गिरी… 7 यात्रियों की मौत… कई घायल… रेस्क्यू जारी…

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत होने की सूचना है। जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, भिकियासैंण इलाके के शिलापानी में एक बस हादसे का शिकार हो गई। एक बस खाई में गिर गई है। हादसे में सात लोगों की मौत की खबर है। बताया जा रहा है कि बस में लगभग 12 यात्री सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन व राहत-बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए हैं। घायलों को निकालने और उन्हें चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का काम जारी है। फिलहाल मृतकों और घायलों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
दुर्घटनाग्रस्त बस रामनगर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि सैलापानी के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही छह यात्रियों की मौत हो गई। पांच शवों को घटनास्थल से बाहर निकाला गया, जबकि एक अन्य मृतक की पुष्टि बाद में हुई है। वहीं एक घायल महिला की मौत सीएचसी भिकियासैंण अस्पताल में हो गई है, जिसके बाद मरने वालों की संख्या सात पहुंची है। मृतकों की पहचान और पते का पता लगाने का कार्य प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।
दुर्घटना हुई बस रामनगर के कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड संस्था की बस संख्या यूके 07 PA 4025 थी। सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए चली थी। आज सुबह बस साढ़े छह बजे नोबाड़ा से चली थी। करीब आठ बजे बस सैलापानी बैंड के समीप दुर्घटना हो गई। चालक परिचालक ठीक है। बस रामनगर के मोहम्मद अल्ताफ की है।

To Top