लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग को लेकर बिंदुखत्ता संघर्ष समिति के 10 सदस्यीय सदस्य शिष्टमंडल ने देहरादून जाकर भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की, इस दौरान मुख्यमंत्री ने जल्द ही बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने का आश्वासन देते हुए पूर्व में विलोपित् की गई राजस्व गांव की घोषणा पुनः मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
मंगलवार की शाम देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के नेतृत्व में बिंदुखत्ता संघर्ष समिति के शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट करते हुए बिंदुखत्ता को अभिलंब राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की जोरदार मांग की, तथा इस दौरान सभी राजनीतिक दलों एवं संगठनों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने बिंदुखत्ता के लिए किए गए संघर्ष के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि बिंदुखत्ता राजस्व गांव के लिए वह जल्द ही आवश्यक कार्रवाई अमल में लायेंगे, साथ ही वह बिंदुखत्ता राजस्व गांव को लेकर विलोपित की गई पूर्व की मुख्यमंत्री की घोषणा को पुनः मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल करने के लिए कार्रवाई करेंगे, इसके बाद उन्होंने तुरंत ही दूरभाष पर संबंधित अधिकारियों को बिंदुखत्ता राजस्व गांव की मांग को मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए कि बिंदुखत्ता राजस्व गांव के मामले में तत्काल संबंधित विभागों के अधिकारियों से सामंजस्य बनाकर उक्त प्रक्रिया को तेज गति प्रदान करें। मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले शिष्ट मंडल में भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, अर्जुन नाथ गोस्वामी,
भरत नेगी, पूरन बोरा, कैप्टन प्रताप सिंह बिष्ट, कैप्टन दलवीर सिंह कफोला, चंचल सिंह कोरंगा, भुवन भट्ट, श्याम सिंह रावत और प्रमोद कलोनी शामिल थे। इस दौरान भाजपा नेता दीपेंद्र कोश्यारी और बिंदुखत्ता के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।
फोटो परिचय- मुख्यमंत्री को ज्ञापन देते बिन्दुखत्ता के गणमान्य लोग
बिंदुखत्ता राजस्व गांव को लेकर जल्द होगी कार्रवाई:- डीएम
बॉक्स लालकुआं। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें निर्देश दिए हैं कि रामनगर और बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के लिए चल रही प्रक्रिया के तहत वह संबंधित विभाग के अधिकारियों से सामंजस्य बनाकर इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई करें।





