लालकुआं। काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास हुए हादसे में ढाई महीने की बेटी की मौत की खबर दोपहर तक मां को नहीं दी गई थी। मां की हालत बिगड़ने के डर से स्वजन यह हिम्मत नहीं जुटा पाए थे। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद मासूम का शव परिवार को सौंप दिया गया। बिंदुखत्ता के रावतनगर निवासी सुमन बिष्ट मंगलवार को अपने ससुर और ढाई महीने की बेटी गौरी के साथ घर से लालकुआं के लिए निकली थी। लालकुआं में रेलवे क्रासिंग बंद होने पर ससुर की स्कूटी रुक गई। जबकि सुमन बेटी को लेकर थोड़ी दूर जाकर एटीएम की छांव में खड़ी हो गई। फाटक खुलने के बाद ससुर जैसे ही क्रासिंग पार हुए। उन्हें बहू और पोती नजर नहीं आई। बुजुर्ग ने काफी देर खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। दूसरी तरफ सुमन पहले आटो से मंगलपड़ाव पहुंच गई। यहां से दूसरा आटो पकड़ काठगोदामे को निकल गईं। लेकिन रेलवे स्टेशन के पास मासूम टेंपो से नीचे गिर गई। यह देख सुमन भी चलते आटो से उतर गई। हादसे में मां-बेटी दोनों को चोट पहुंची। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान बेटी की मौत हो गई थी, लेकिन दोपहर तक मां को किसी ने यह बात नहीं बताई। लेकिन जब से माँ को बेटी की मौत की खबर मिली है उसका बहुत ही बुरा हाल है, बदहवास सुमन को देखकर उसके परिजन भी अत्यंत चिंतित हैं।





