लालकुआं। नगर में रोडवेज का बस स्टेशन बनाने के लिए गतिविधियां तेज हो गई है, मंडलीय प्रबंधक उत्तराखंड परिवहन निगम पूजा जोशी, मंडलीय उप प्रबंधक संजय पांडे, वन विभाग से वन क्षेत्राधिकारी टांडा रूपनारायण गौतम, डिप्टी रेंजर विशन राम, राजस्व विभाग से राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में प्रस्तावित बस अड्डा का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की पहल पर कई विभागों के अधिकारियों ने लालकुआं ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में प्रस्तावित रोडवेज बस अड्डा क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान तमाम विभागों के अधिकारियों ने चिन्हित वन भूमि का स्थलीय निरीक्षण करते हुए लगभग एक हेक्टेयर भूमि में बस अड्डे का निर्माण करने की कार्य योजना तैयार करने को लेकर शासन से पत्राचार करने का निर्णय लिया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने बताया कि अभी रेल विभाग ने अपनी भूमि का चिन्हीकरण करना है, उसके बाद बची शेष भूमि में एक हेक्टेयर वन भूमि बस अड्डे के लिए वन विभाग चयन कर देगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड शासन के निर्देश पर लालकुआं में बस अड्डे के निर्माण का रास्ता लगभग साफ होता जा रहा है।
परिवहन निगम की मंडलीय प्रबंधक पूजा जोशी ने कहा कि लाल कुआं में रोडवेज का बस अड्डा निर्माण के लिए वन विभाग ने सकारात्मक पहल की है साथ ही उन्होंने शासन स्तर पर भी इस मामले में पत्राचार किया है 6 माह के भीतर बस अड्डा निर्माण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत के सभासद सुरेश शाह, भुवन पांडे, वरिष्ठ लिपिक भुवन जोशी, सोनू भारती, मनोज बर्गली, भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री बॉबी संभल, दीपू नयाल हेम गुणवंत शहीद कई कर्मचारी मौजूद थे।
