अंतरराष्ट्रीय

राष्ट्रमंडल खेल 2022:- भारोत्तोलन में भारत के लिए रहा स्वर्णिम शनिवार, मीराबाई चानू ने जीता स्वर्ण, 2 पदक और आए झोली में….. पढ़ें विस्तृत खबर

बर्मिंघम। राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शनिवार का दिन भारत के लिए बहुत ही स्वर्णिम रहा है, आज जहां भारोत्तोलन में मीराबाई चानू ने स्वर्ण पदक जीतकर कीर्तिमान स्थापित किया, वही गुरु राजा पुजारी ने कांस्य पदक जीता, इसके अलावा संकेत सरगर ने भी भारोत्तोलन सिल्वर मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया है।

भारत की शीर्ष भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में शनिवार को 49 किग्रा भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीता। यह भारत का पहला स्वर्ण और कुल तीसरा पदक है। यह मीराबाई का भी राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरा पदक है।

राष्ट्रमंडल खेल 2018 में भारत का पहला स्वर्ण जीतने वाली 27 वर्षीय मीराबाई ने यहां भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने फाइनल में स्नैच के दूसरे प्रयास में 88 किग्रा के साथ नया राष्ट्रीय और राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड बनाया।
इसके बाद उन्होंने क्लीन एंड जर्क को भी एकतरफा जीतते हुए पहले प्रयास में 109 किग्रा भार उठाकर देश का पहला स्वर्ण पक्का किया। वह इतने पर भी नहीं रुकीं और अपने ही प्रदर्शन को बेहतर करते हुए टोक्यो 2020 की रजत पदक विजेता ने दूसरे प्रयास में 113 किलो वज़न उठाया।

वह तीसरे प्रयास में असफल रहीं लेकिन उससे फर्क नहीं पड़ा क्योंकि 201 किलो के स्वर्णिम प्रदर्शन के साथ वह पोडियम पर पहले स्थान पर रहीं। मीराबाई के बाद मौरिशियस की मारी रानाइवोसोआ दूसरे स्थान पर रहीं जबकि कनाडा की हानाह कामिंस्की ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

To Top