उत्तराखण्ड

पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस- 4, अन्य 1, भाजपा-0…. हरीश रावत

लालकुआं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस चार राज्यों में सरकार बनाएगी। जबकि उत्तर प्रदेश में अन्य की सरकार बनेगी, तथा भारतीय जनता पार्टी किसी भी प्रदेश में सरकार नहीं बना पाएगी।
रावत यहां नगर कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने बहुत अच्छा परफॉर्मेंस दिया है। पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश में चुनावी कमान संभालने के बाद वहां कांग्रेस तीसरे विकल्प के रूप में उभरी है। उन्होंने कहा कि थाने बाज और बुलडोजर बाज से परेशान जनता ने इस बार कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है। इसी के चलते देश के 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस चार राज्यों में सरकार बनाएगी। वही उत्तर प्रदेश में अन्य की सरकार बनेगी। जबकि भारतीय जनता पार्टी इस बार किसी भी राज्य में सरकार नहीं बना पाएगी।
पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि कांग्रेस पार्टी का सरकार बनाने का भ्रम आगामी 10 मार्च को टूट जाएगा पर चुटकी लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्म भारतीय जनता पार्टी के खराब थे, भ्रम उनका ही टूटना है, रावत ने कहा कि इस बार पूरे प्रदेश में कांग्रेस की लहर थी। तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निष्ठा पूर्वक अपने-अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाया। अवश्य ही राज्य में इस बार कांग्रेस की सरकार बनेगी। और उत्तराखंड विकास की राह में आगे बढ़ेगा। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, कांग्रेसी नेता हरेंद्र बोरा, नगर पंचायत अध्यक्ष लाल चंद्र सिंह, पूर्व चेयरमैन रामबाबू मिश्रा, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सरदार गुरदीप सिंह, महामंत्री गुरुदयाल सिंह मेहरा, बिंदुखत्ता ब्लॉक अध्यक्ष प्रमोद कॉलोनी, भुवन पांडे, दीपक बत्रा, रविशंकर तिवारी, महेंद्र सिंह नेगी, उधम सिंह नगर से आए नारायण सिंह बिष्ट, देवी दत्त पांडे, हरीश बिसौती, त्रिलोक सिंह मंटू, मन्नू तुलेड़ा और अनूप भाटिया सहित भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।
फोटो परिचय- लालकुआं क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मंत्रणा करते पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत

To Top