देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा उत्तराखंड में आगामी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की प्रदेश नेतृत्व में आमूल चूल परिवर्तन किया है जिसके तहत वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा को हटाकर नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस हाईकमान ने गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं।
इसके साथ ही प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष और डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य भी नियुक्त किया है। बता दें कि गोदियाल दूसरी बार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए हैं। इससे पहले वह 22 जुलाई 2021 से 10 अप्रैल 2022 तक यह दायित्व निभा चुके हैं।





