लालकुआं। अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला ग्राम कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जल संस्थान लालकुआं डिवीजन के अधिशासी अभियंता से गोरापड़ाव स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर वार्ता की. बागजाला (गौलापार) में बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाइप लाइन जिसके कारण गंदे पानी के नलों में आने से लोग दूषित पानी पीने पर विवश हो रहे हैं, की मरम्मत किये जाने की मांग की गई.
भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय ने कहा कि, बागजाला के ग्रामीण टूटी पाइप लाइन के चलते नाली का गंदगी मिश्रित पानी पीने को विवश हैं. स्वच्छ पेयजल जनता का बुनियादी अधिकार है जिसे उनको मिलना ही चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या दूषित पेयजल पीने से मध्य प्रदेश के इंदौर जैसी गंभीर दुर्घटना होने के बाद प्रशासन की नींद खुलेगी?
किसान महासभा के बागजाला सचिव वेद प्रकाश ने कहा कि, जल जीवन मिशन का कार्य अधूरा पड़ा है जिससे ग्राम वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही विभाग द्वारा बिछायी गई पुरानी पाइप लाइन की हालत बेहद खराब है. जगह जगह से पाइप लाइन टूटने के चलते पानी की बर्बादी हो रही है और घरों में पानी की सप्लाई में बाधा आ रही है. जिससे बागजाला वासियों के समक्ष पेयजल का संकट लगातार बना हुआ है.
जल संस्थान अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि शीघ्रता से क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत की जायेगी.
इससे पहले किसान महासभा के प्रतिनिधिमण्डल ने गांव में सिंचाई की गूल/नहरों की मरम्मत के लिए लघु सिंचाई के अधिशासी अभियंता के कार्यालय में भी ज्ञापन दिया.
इस दौरान माले जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय, किसान महासभा बागजाला सचिव वेद प्रकाश, पूर्व प्रधानाचार्य गणेश राम, कोषाध्यक्ष मीना भट्ट, हेमा देवी, प्रचार सचिव पंकज चौहान, चन्दन सिंह मटियाली, दिनेश पांडे, प्रेम सिंह नयाल, हेमा आर्य, मंजू टम्टा आदि शामिल रहे.





