गदरपुर। गदरपुर की सियासत उस वक्त दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई, जब जमीन फर्जीवाड़े के आरोपों क्रो लेकर युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर की चल रही पत्रकार वार्ता अचानक हंसी ठिठोली और शह और मात के खेल में तब्दील हो गई। भुल्लर भाजपा विधायक अरविंद पांडे के पुत्र पर जमीन हड़पने के आरोपों की बौछार कर रहे थे कि उसी वक्त प्रेस वार्ता स्थल पर विधायक अरविंद पांडेय पहुंच गए। और आरोपों की गरमी के बीच शुरू हुई पत्रकार वार्ता विधायक अरविंद पांडे के साथ चाय की चुस्कियों के बीच हंसी मजाक में बदल गई। इस मुलाकात के सभी लोग तरह-तरह के मायने निकाल रहे है।
गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडेय का अपनी ही प्रदेश सरकार से छत्तीस का आंकड़ा चल रहा है। करीब 15 दिन पहले ही प्रशासन ने उनके कार्यालय को अतिक्रमण करार देते हुए उस पर नोटिस चस्पा किया है। तभी से गदरपुर का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। बुधवार को इसी बीच एक नया सियासी घटनाक्रम सामने आ गया। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर रहे थे। क्षेत्र के दर्जनों लोगों के बीच बैठे सुमित्तर भुल्लर के निशाने पर भाजपा विधायक अरविंद पांडेय के बेटे थे। प्रेस वार्ता गंभीर स्थिति में थी तभी मौके पर पहुंचे गदरपुर के विधायक अरविंद पांडे को देखकर वहां मौजूद स्थानीय लोग एवं पत्रकार हक्के-बक्के रह गए, पत्रकार वार्ता बीच में ही खत्म हुई, और सुमित्तर भुल्लर विधायक जी से हाल-चाल पूछने लगे, तथा चाय पानी पीने की बात कहने लगे। प्रेस वार्ता में मौजूद कुछ स्थानीय लोग भी वहां विधायक अरविंद पांडे की मौके पर एंट्री को देख असहज हो गए, तथा दाएं बाएं खिसकने लगे।
उल्लेखनीय है कि अरविंद पांडे को वर्तमान में विरोधियों से ज्यादा अपनों से अधिक संघर्ष करना पड़ रहा है, भाजपा का मौजूद एक ग्रुप उनकी जबरदस्त खिलाफत में है, जिसका वह डटकर मुकाबला कर रहे हैं। आज प्रेस वार्ता के दौरान उनके द्वारा की गई इस जबरदस्त एंट्री से विरोधियों की भी जुबान बंद हो गई है।





