नानकमत्ता। शारदा नहर क्षेत्र में बेटी के साथ घूमने आई एक महिला ने अपनी बेटी के हाथ में दांत काटकर नदी में कूद मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार चकरपुर निवासी एक महिला ने लालकोठी स्थित शारदा नहर में छलांग लगा दी। तेज बहाव के कारण महिला डूब गई और लापता हो गई। सूचना पर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे और सर्च अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक महिला का कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार रविवार को चकरपुर निवासी गीता देवी (43) पत्नी लक्ष्मण सिंह अपनी नाबालिग पुत्री पूजा के साथ लालकोठी स्थित शारदा नहर गई थी। इसी दौरान गीता देवी ने नहर में कूदने का प्रयास किया। जब उसकी पुत्री ने उसे रोकने की कोशिश की तो महिला ने बेटी के हाथ में दांत से काट लिया, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद महिला ने नहर में छलांग लगा दी।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला पानी के तेज बहाव में डूब चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही झनकईया पुलिस थानाध्यक्ष देवेंद्र गौरव के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और नहर में सर्च अभियान शुरू किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की तलाश के लिए एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। नहर में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी और उसका उपचार चल रहा था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार महिला की तलाश जारी है।





