उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में तस्करों ने दो वन दरोगाओं पर हमला कर उनकी बंदूक, मोबाइल और फोन तोड़े……….. गोला बारूद लूटा……… इनके खिलाफ हुआ मुकदमा दर्ज…………..

हल्द्वानी। वन विभाग पर तस्कर हावी होते जा रहे हैं, तस्करों के हौसले इतने बुलंद है कि उन्होंने यहां गुरुवार को दो वन दरोगाओं पर हमला कर दिया। तस्करों ने उनकी बंदूक तोड़कर छह कारतूस लूट लिए और बाइक, मोबाइल फोन भी तोड़ डाले। जिसके बाद पुलिस ने करीब सात आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात भाखड़ा रेंज के वन दरोगा मनोज कुमार मेलकानी और मोहन सिंह चौहान लामाचौड़ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
तहरीर के मुताबिक वन निगम कटान प्लॉट के गेट नंबर 27 के पास उन्हें दो बाइक और उनके पीछे ट्रैक्टर-ट्रॉली जाती दिखी। उन्होंने पीछा किया और लामाचौड़ प्रथम गेट के पास गाड़ी को रोक लिया। ट्रॉली में बेल (फल) से भरे कट्टे लदे थे। वन दरोगा कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवकों ने हमला कर दिया। लाठियों से दोनों को घायल कर दिया। एक के चेहरे और दोनों के पैरों पर चोट आई है। मोहन सिंह ने सरकारी बंदूक से गोली चलानी चाही तो उसे छीनकर तोड़ दिया। उसके बाद गेट तोड़कर वे सभी भाग निकले।
थोड़ी देर के बाद दोनों दरोगाओं ने दोबारा से पीछा किया। कुछ दूर आगे ट्रैक्टर खड़ा मिल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दोनों वन दरोगाओं ने मुखानी थाने में दी तहरीर में बताया कि एक महिला समेत सात तस्करों ने पीपलपड़ाव वन चौकी पहुंचकर भी उनके साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि जबरन कब्जे में ली बेलपत्र से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली भी लेकर फरार हो गए।
वन दरोगा मनोज कुमार ने लामाचौड़ के प्रेमपुर नवाड के तीन परिवारों के सात युवकों पर मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज
कराया। इनमें सूरज, राजकुमार और उसका भाई संजय, दो अन्य सगे भाई युवराज और जोगेंद्र तथा तीसरे परिवार के दो भाई रोहित और राममूर्ति शामिल हैं। उन पर लोक सेवक को चोट पहुंचाने, समूह में घातक हथियार से हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराएं लगाई गई हैं।

To Top