उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में युवती द्वारा शादी से इनकार करने पर युवक ने पत्थर मार कर फोड़ा सिर… गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती…

हल्द्वानी। नगर इलाके में एक युवक पर युवती का लगातार पीछा करने, छेड़छाड़ करने और जबरन शादी का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर युवक ने युवती पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है।
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में पीड़िता की दादी निवासी जवाहर नगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पोती जब भी घर से बाहर जाती हैं, तो अन्ना पुत्र जाहिद निवासी गौला गेट जवाहर नगर उसका आए-दिन पीछा करता हैं, और रास्ते में छेड़छाड़ करता हैं। युवक उक्त युवती को जबरन उठाकर शादी करने और जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
गत सात फरवरी को जब युवती घर से सामान लेने निकली, आरोप है कि रास्ते में युवक ने उसे रोक लिया और जबरन पकड़कर गौला की ओर ले जाने लगा। युवती ने इसका विरोध करते हुए शादी से इनकार किया तो आरोपित ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया और गाली-गलौच करते हुए मौके से फरार हो गया। घायल युवती का उपचार सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में कराया गया, जहां उसके सिर में गंभीर चोट आई है।
पीड़िता पक्ष ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इधर
बनभूलपुरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक डीएस फर्त्याल ने बताया कि युवती की दादी की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिक दर्ज कर दी गई है। और मामले की तफ्तीश की जा रही है।

To Top