हल्द्वानी। यहां बरेली रोड के हाथीखाल क्षेत्र में टहलने निकली महिलाओं के बीच मामूली कहासुनी ने इतना विकराल रूप ले लिया कि एक महिला की जान पर बन आई, दूसरी महिला ने उसके पेट में चाकू भोक दिया, पेट में चाकू लगने से महिला लहूलुहान हो गई। इलाज के लिए उसे निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला पर हत्या की कोशिश की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल महिला के पति सेना में कार्यरत हैं।
पुलिस के अनुसार मंडी चौकी क्षेत्र के हाथीखाल निवासी पुष्पा खनी शुक्रवार शाम – को घर से टहलने के लिए निकली थी। इस बीच उनके पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला भी पहुंचीं। पुष्पा ने उसे मोटी कहकर बुलाया तो वह आगबबूला हो गई। उसने
पहले से हाथ में छुपाकर रखे चाकू से पुष्पा के ऊपर हमला कर दिया। चाकू पेट में लगते ही पुष्पा बुरी तरह जख्मी हो गई। टहलने गए परिजनों वह आस पड़ोस की महिलाओं ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पूछताछ में दीपा ने पुलिस को बताया कि वह मोटी है। उसकी पड़ोसी हर बार उसे मोटी-मोटी कहकर चिढ़ाती थी। शुक्रवार को भी महिला ने उसे मोटी कहा तो उसने चाकू से हमला कर दिया। इस मामले में हेमा देवी की तहरीर पर दीपा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
