हल्द्वानी। शहर में किशोरी को नशीला पदार्थ सूंघाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। जबकि पीड़िता ने घटनाक्रम से आहत होकर अपने हाथ की नस काट ली। फिलहाल पीड़िता का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को तहरीर देकर वनभूलपुरा निवासी एक युवक ने आरोप लगाया कि मोहर्रम के दिन उसकी 16 साल की बहन किसी जरूरी काम से बाजार आई थी। घर लौटते वक्त एक युवक ने रास्ते में उसकी बहन को नशीला पदार्थ सुंघाया और अपने साथ ले जाकर जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि घटना के बाद पीड़िता ने आहत होकर लोकलाज की डर से अपने दांये हाथ की नस काट ली। शोर शराबें की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़िता को अस्पताल ले गए। प्रभारी थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट जल्द आ जाएगी। घटना के बाद एहतियातन अज्ञात आरोपी पर पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
