उत्तराखण्ड

हल्द्वानी के नवनिर्वाचित पार्षद ने पेयजल लाइन डाल रहे मजदूरों को बेरहमी से पीटा…………….. 9 घायल…………. मुकदमा दर्ज……………….

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर के मल्ली बमौरी वार्ड 48 में शुक्रवार रात स्थानीय पार्षद ने अपने भाई और साथियों के साथ मिलकर पाइपलाइन बिछाने का कार्य करा रही कंपनी के मजदूरों पर हमला कर दिया। घटना में नौ मजदूर घायल हो गए जिनमें तीन गंभीर हैं। आरोप है इन्होंने कई वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिए।
मुखानी पुलिस ने पार्षद मुकुल बल्यूटिया, उनके दो भाई व एक अन्य नामजद और आठ से दस अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद वार्ड 48 समेत आसपास के इलाकों में चल रहा कंपनी का कार्य ठप हो गया है।
प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत शहर में तिरुपति सीमेंट प्रोडक्ट कंपनी पेयजल और सीवर लाइन का काम कर रही है। परियोजना शहरी विकास विभाग के तहत एडीबी द्वारा वित्त पोषित है।
मल्ली बमौरी में बल्यूटिया फार्म रोड पर कंपनी का गोदाम है। थाना प्रभारी विजय सिंह मेहता ने बताया कि कंपनी के जीएम सचिन यादव ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि वार्ड 48 के पार्षद मुकुल बल्यूटिया अपने भाई रमन बल्यूटिया, विनीत बल्यूटिया, त्रिलोकनगर के रहने वाले गुरुरानी के साथ आठ से दस युवकों को लेकर कंपनी के गोदाम में पहुंचे।
उन्होंने वहां मौजूद मजदूरों से मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने वहां खड़ी जेसीबी मशीन, कार व अन्य वाहनों के शीशे तोड़ दिए।
इस दौरान मजदूर करन शर्मा, रोशनदीन, बिसरत हुसैन, प्रशांत पासवान, मुकेश शाह, अजय पाल, गुड्डू, संदीप, राजीव को पीटा गया। बाद में मुखानी पुलिस पहुंची और घायलों को एसटीएच ले जाया गया। करन शर्मा, रोशनदीन, बिसरत हुसैन की हालत गंभीर होने पर उनका इलाज जारी है। शेष को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। थाना प्रभारी विजय सिंह मेहता ने बताया कि पार्षद मुकुल, रमन, विनीत, गुरुरानी के अलावा आठ-दस अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। प्रोजेक्ट मैनेजर नीरज उपाध्याय ने कहा कि घटना का कारण तक पता नहीं चला। कई मजदूरों को चोट आई हैं। इस कारण काम भी ठप हो गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद नामजद पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने कहा कि क्षेत्र में मजदूर आए दिन पीकर हंगामा करते हैं। स्थानीय लोगों के आवास वहां पर हैं और उन्हीं लोगों ने मजदूरों के गलत कृत्यों का विरोध किया था। शुक्रवार रात स्थानीय लोगों ने मुझे बुलाया था। उन्होंने मजूदरों से कोई मारपीट नहीं की है। वह केवल समझाने के लिए गए थे। मामले में कंपनी ने मुकदमा वापस नहीं लिया तो आंदोलन किया जाएगा। बता दें कि शुक्रवार को नव निर्वाचित पार्षद मुकुल ने पद की शपथ ली थी।

To Top