लालकुआं। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके परिजनों को सौंप दिया हैं।
बरेली रोड के अर्जुनपुर हैडा गज्जर डी-क्लास के मूल निवासी 31 वर्षीय संदीप पंत पुत्र आचार्य गणेश चंद्र पंत महुआखेड़ा के ग्राम कटैय्या स्थित क्रॉस बॉण्ड प्लाईवुड फैक्ट्री में बॉयलर इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। वह यहां फैक्ट्री परिसर के क्वार्टर में रहते थे। गत रात चंदन बिष्ट मूल निवासी जौलजीबी जो जिला पिथौरागढ़ के साथ चाय पीने के बाद लौटते समय अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों
बाइक समेत गिरकर घायल हो गए। दोनों को मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गया। यहां डॉक्टर ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। घायल चंदन आईसीयू में भर्ती है। सोमवार को पीएम हाउस पहुंचे मृतक संदीप के पिता ने कहा कि गत रात लगभग 9.30 बजे उनकी मोबाइल पर बेटे से बात हुई थी। रात को फैक्ट्री से दुर्घटना की जानकारी मिली। संदीप उनका इकलौता बेटा था। संदीप की दो बहनें दीपिका और कोमल हैं। कोतवाली आईटीआई प्रभारी रवि सैनी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।





