लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के लिए वहां के ग्रामीण लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, परंतु अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीण निराशा एवं हताश हो चुके हैं, इसके बाद अब वन अधिकार समिति द्वारा आयोजित चाय पर चर्चा कार्यक्रम इंदिरानगर प्रथम स्थित मां नंदा सुनंदा मंदिर परिसर में की गयी। जिसमें राजस्व गांव की अधिसूचना जारी करवाने तथा माह फरवरी में बड़ा प्रदर्शन करने तथा वन अधिकार अधिनियम-2006 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जागरुकता के हर गली-नुक्कड़ पर पैदल जागरूकता मार्च करने का निर्णय लिया गया।
वन अधिकार समिति और पूर्व सैनिकों के सहयोग से हुई चाय पर चर्चा बैठक में एफआरए 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन और बिंदुखत्ता को राजस्व गांव की अधिसूचना जारी करने के मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही अधिसूचना जारी नहीं हुई तो फरवरी में शहीद स्मारक से लालकुआं तक विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में लिए गए प्रमुख फैसलों में जागरूकता अभियान को प्राथमिकता दी गई। इसके तहत 11 और 18 जनवरी को आदर्श इंटर कॉलेज संजय नगर तथा चाइल्ड सैक्रेड सीनियर सेकेंडरी स्कूल पश्चिमी राजीव नगर में प्रोजेक्टर के माध्यम से अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। स्थानीय निवासियों को उनके अधिकारों से अवगत कराने पर जोर दिया जाएगा।
इसके अलावा जनवरी माह में बिंदुखत्ता की हर गली-नुक्कड़ पर पैदल जागरूकता मार्च निकाले जाएंगे, ताकि वन अधिकारों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। समिति सदस्यों ने प्रदर्शन को लेकर साफ शब्दों में कहा कि यदि उत्तराखंड सरकार बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने वाली अधिसूचना जारी कर देती है, तो अभियान समयानुसार स्थगित कर दिया जाएगा। अन्यथा फरवरी में शहीद स्मारक से लालकुआं नगर तक जन सैलाब के साथ विशाल प्रदर्शन होगा।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने वरिष्ठ नेताओं के माध्यम से जिलाधिकारी पर दबाव बनाएं।
चर्चा कार्यक्रम में वन अधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, सचिव भुवन भट्ट, बसंत पांडे, श्याम सिंह रावत, उमेश भट्ट, कविराज धामी, कैप्टन प्रताप सिंह बिष्ट ,कैप्टन चंचल सिंह कोरंगा, दलवीर सिंह कफोला, संध्या डालाकोटी, प्रमोद कॉलोनी, भगवती पुरोहित, सुनील यादव, दीपक जोशी, भरत नेगी, कुंदन सिंह चुफाल शाहिद भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। फोटो परिचय- बिंदुखत्ता में आयोजित पदाधिकार समिति की चाय पर चर्चा कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह





