उत्तराखण्ड

प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल लालकुआं के यह नेता बने पुनः पदाधिकारी, पढ़ें इस तरह हुई व्यापार मंडल की जंबो कार्यकारिणी निर्वाचित

लालकुआं। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव में बहुप्रतीक्षित सीट अध्यक्ष एवं महामंत्री पद पर निवर्तमान पदाधिकारियों का पुनः चयन हो गया। जिसमें दीवान सिंह बिष्ट ने सीधी भिड़ंत में अनूप भाटिया को भारी मतों से पराजित करते हुए पुनः विजयश्री हासिल की। पहले राउंड से ही जबरदस्त बढ़त बनाते हुए दीवान सिंह बिष्ट और अनूप भाटिया के बीच मतों का काफी अंतर रहा, दीवान सिंह बिष्ट ने सभी राउंड में बढ़त हासिल की। वही महामंत्री पद पर जहां पांच प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे थे वही 3 के बीच जबरदस्त फाइट रही। अंततः निवर्तमान महामंत्री दिनेश लोहनी ने विनोद शर्मा को नजदीकी मुकाबले में पराजित किया, साथ हीं अंशु अग्रवाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महामंत्री पद पर जैसे-जैसे राउंड बढ़ते गए प्रत्याशियों का टेंशन भी बढ़ता रहा, क्योंकि अत्यधिक कम अंतर से दिनेश लोहनी प्रारंभ से ही बढ़त बना रहे थे, परंतु उनके जादुई आंकड़े को अन्य प्रत्याशी नहीं छू सके अंततः उन्होंने भी पुनः विजयश्री हासिल की। इससे पूर्व प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी के लिए मंगलवार को 1339 मतों में से 1251 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 94.4 प्रतिशत लोगों ने वोट दिए। मंगलवार की शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई, जिसमें सबसे पहले उप सचिव पद पर चुनाव लड़ रहे विनोद पांडे ने रोहित पांडे को पराजित किया। जबकि कोषाध्यक्ष पद पर शुभम शर्मा ने प्रकाश कुमार को हराया, जबकि प्रचार मंत्री पद पर रवि अनेजा ने फैज खान को पराजित किया।इसके बाद वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नरेश चौधरी और महेश भट्ट के बीच जबरदस्त टक्कर रही, परंतु नरेश चौधरी ने महेश भट्ट को पराजित किया। उपाध्यक्ष पद पर नंदन सिंह राणा ने राजन भाटिया पर प्रारंभ से ही बढ़त बनाए रखी और अंततः नंदन सिंह राणा ने राजन भाटिया को परास्त किया। महिला उपाध्यक्ष के लिए गीता शर्मा पर मीना रावत पहले राउंड से ही हावी हो गई, और उन्होंने अंत तक बढ़त जारी रखी। तथा मीना रावत भारी मतों से विजई हुई। वही संगठन मंत्री पर सबसे अधिक दिलचस्प मुकाबला रहा, किशन भट्ट और मतलीम खान पहले राउंड से 25 राउंड तक आगे पीछे चलते रहे, अंततः किशन भट्ट मात्र 1 वोट से विजयी हो गए, जिसके बाद मतलीम खान के समर्थकों ने रिकाउंटिंग की मांग की। व्यापार मंडल के निर्णायक मंडल ने इस पद पर रिकाउंटिंग कराई, परंतु चुनाव परिणाम नहीं बदला। सबसे दिलचस्प बात यह रही कि इस चुनाव पर आसपास के क्षेत्रवासियों की नजर भी बनी हुई थी। वही क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने भी यहां आकर वोट डाला। तथा नगर पंचायत अध्यक्ष लाल चंद्र सिंह, पूर्व चेयरमैन रामबाबू मिश्रा, पवन कुमार चौहान, कैलाश चंद्र पंत, वरिष्ठ भाजपा नेता हेमंत नरूला, भुवन पांडे, सरदार गुरदीप सिंह, रविशंकर तिवारी, धन सिंह बिष्ट, हेमंत पांडे, राजलक्ष्मी पंडित, दीपक बत्रा, अशोक अग्रवाल, बॉबी संभल, उद्योगपति बीएल पटवारी सहित तमाम गणमान्य लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी जीवन कबडवाल और सहायक चुनाव अधिकारी संजय जोशी, राजकुमार सेतिया, पूरन सिंह रजवार, सुंदर खुराना, बॉबी संभल, इस्तकार अंसारी समेत व्यापार मंडल चुनाव संयोजन समिति से जुड़े तमाम पदाधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।

To Top