लालकुआं। यहां रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के समीप स्थित दो दुकानदारों के बीच मामूली सी बात के बाद जबरदस्त विवाद हो गया, मौके पर एकत्रित कुछ युवकों ने एक दुकानदार एवं उसके कर्मचारी की पिटाई लगा दी, आसपास के अन्य दुकानदारों ने दोनों को बमुश्किल उक्त युवकों के चुंगल से बचाते हुए सुरक्षित स्थान में पहुंचाया। इस दौरान भारी संख्या में एकत्रित युवक आक्रोशित हो गए, तथा दुकान में तोड़फोड़ करने पर आमादा हो गए, आसपास के अन्य दुकानदारों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें शांत किया, इसके बाद दोनों पक्ष लालकुआं कोतवाली पहुंचकर एक दूसरे के खिलाफ आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे, एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष ने उक्त आरोप को झूठा करार देते हुए बेवजह मारपीट करने की बात कही है। समाचार जारी होने तक देर रात दोनों पक्ष लालकुआं कोतवाली में एकत्रित थे।





