लालकुआं। बीती रात अज्ञात चोरों ने मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित एटीएम में सेंध लगाकर उसे तोड़ने का प्रयास किया, इस दौरान वह एटीएम को क्षतिग्रस्त करने में काफी हद तक कामयाब हो गये, परंतु मशीन को नहीं तोड़ पाने के चलते वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके, काफी देर तक किए असफल प्रयास के बाद मायूस होकर चोर को वापस लौटना पड़ा। इस दौरान उक्त चोर द्वारा चेहरे पर नकाब लगाया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती अर्धरात्रि के बाद अज्ञात चोर ने मोटाहल्दु रेलवे क्रॉसिंग पर बने हिताची कंपनी के एटीएम में घुसकर उसे तोड़ने का प्रयास किया, चोर एटीएम को तोड़ने के लिए कोई औजार नहीं लाया था, चेहरे पर नकाब लगाकर एटीएम में पहुंचा उक्त चोर पत्थर से काफी देर मशीन को तोड़ता रहा, परंतु एटीएम उससे नहीं खुल सका, अंततः बिना पैसे चुराए वह वापस लौट गया। हल्दुचौड़ पुलिस चौकी के प्रभारी शंकर सिंह नयाल ने बताया कि उक्त एटीएम में छेड़खानी करने वाले बदमाश की तलाश में पुलिस तमाम सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, जल्द ही उसे पकड़ कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। इधर मोटाहल्दु व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप पांडे ने मांग की कि एटीएम में तोड़फोड़ करने वाले बदमाश को तत्काल पुलिस गिरफ्तार करें।





