राष्ट्रीय

दिल्ली में नैनीताल की युवती और मासूम बच्ची की नृशंस हत्या…….. डबल मर्डर से दहला दिल्ली……. हत्या का उत्तराखंड कनेक्शन……

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस थाना स्थित मजनू का टीला क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात में युवती और 6 माह के मासूम की हत्या कर दी गई इस घटना के बाद से लिवइन पार्टनर मौके से गायब हो गया।
मासूम की मां लक्ष्मी अपनी दूसरी बेटी को लेने गई थी स्कूल, इस बीच आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम
सोनम पिछले 15-20 दिन से रह रही थी लक्ष्मी के घर, हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गयी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित मजनू का टीला इलाके में मंगलवार दोपहर एफ-ब्लॉक में छह माह की मासूम और युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनकी शिनाख्त यशिका उर्फ जसिका और सोनम (22) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि सोनम पिछले 15-20 दिनों से यशिका के घर पर रह रही थी। जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि दोपहर के समय यशिका की मां लक्ष्मी अपनी दूसरी बेटी को लेने स्कूल गई थी। उसी समय सोनम का लिवइन पार्टनर निखिल घर पहुंचा था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसने सोनम व यशिका की गला रेतकर हत्या कर दी। बाद में वह फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सोनम मूलरूप से नैनीताल उत्तराखंड की रहने वाली है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है। जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 1.00 बजे उनकी टीम को वारदात की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस को मकान की पहली मंजिल के कमरे में दोनों के खून से लथपथ शव बरामद हुए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मोहन सिंह के मकान में भरतपुर, राजस्थान निवासी दुर्गेश परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी लक्ष्मी के अलावा दो बेटियां यशिका और दीया हैं। दुर्गेश की एरिया में मोबाइल की दुकान है। पिछले करीब 15-20 दिनों से लक्ष्मी की सहेली सोनम इनके घर रहने के लिए आई थी। दरअसल सोनम पहले पिछले 5-6 सालों से अपने लिवइन पार्टनर निखिल के साथ ए-ब्लॉक में रह रही थी। दोनों के बीच विवाद हुआ तो उसने सहेली के घर आना शुरू कर दिया। मंगलवार दोपहर को दुर्गेश अपनी दुकान पर था। दीया स्कूल गई थी। लक्ष्मी सोनम के पास अपनी बेटी को छोड़कर बड़ी बेटी को स्कूल लेने चली गई।
कुछ देर बाद वह वापस लौटी तो उसके पैरों से जमीन खिसक गई। कमरे में सोनम और यशिका की लाश पड़ी थी। रोते हुए लक्ष्मी ने पति को कॉल किया। इसके बाद पुलिस को फोन किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ताल करने पर पता चला कि कमरे पर निखिल आया था। उसी पर हत्या करने का शक जताया जा रहा है।
पुलिस की दो टीमों को उसकी तलाश में उत्तराखंड भेज दिया गया। मूलरूप से उत्तराखंड का रहने वाला निखिल तिमारपुर के एक रेस्तरां में काम करता था। पुलिस बाकी लोगों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है। दुर्गेश और लक्ष्मी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बाकी पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है।
लगातार सोनम को फोन कर रहा था निखिल
लक्ष्मी की चीख सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। लक्ष्मी ने पति को कॉल करने के बाद पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर बाद पुलिस वहां पहुंच गई। सीसीटीवी की पड़ताल हुई तो पता चला कि कमरे में निखिल आया था। वारदात के बाद वह फरार हुआ। पुलिस ने सोनम का मोबाइल जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। जांच में पता चला कि निखिल लगातार उसे कॉल कर कर रहा था। लक्ष्मी ने बताया कि वह सोनम पर वापस आने का दबाव बना रहा था। लक्ष्मी और सोनम एक दूसरे को कई साल से जानती हैं। सोनम को लक्ष्मी छोटी बहन की तरह मानती थी। यही वजह रही कि निखिल से विवाद होने पर सोनम लक्ष्मी के घर आ गई।
मासूम की क्यो ली जान…
हत्यारे ने यशिका को क्यों मारा यह सवाल सभी के जेहन में है। क्योंकि छह माह की मासूम तो बोल भी नहीं सकती है। लोगों आशंका जता रहे है कि हो सकता है सोनम ने यशिका को गोद में लिया हो और इसी दौरान निखिल ने दोनों का गला रेत दिया।

To Top