उत्तराखण्ड

भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जयंती पर लालकुआं में हुए विभिन्न कार्यक्रम…… पढ़ें विस्तृत खबर

लालकुआं। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 135 वीं जयंती क्षेत्र में धूमधाम के साथ मनाई गयी। इस अवसर पर नगर पंचायत के एनडी तिवारी सभागार में आयोजित पंत जयंती समारोह में क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन बिष्ट समेत तमाम गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पंत जी के बताये मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।
यहां आयोजित पंत जयंती समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन बिष्ट ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी जान की परवाह किए बगैर अंग्रेजों के जुल्म को अपने शरीर पर सहते हुए पंत जी ने जवाहरलाल नेहरु की जान बचायी थी। साथ ही अंग्रेजों से देश को आजाद कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। उन्होंने कहा कि पंत जी द्वारा आजादी के बाद देश के विकास कार्यों में किये उल्लेखनीय कार्यों के चलते आज पूरी दुनिया में उत्तराखंड के इस महान सपूत का नाम बड़े ही गर्व से लिया जाता है। नगर पंचायत के अध्यक्ष लालचंद सिंह ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत को देश का सच्चा सपूत बताते हुए कहा कि हम सभी को उनकी जीवनी से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कहा कि देश में पंत जी जैसे महानुभावों की और आवश्यकता है। ताकि भारतवर्ष और तेजी के साथ विकास के मार्ग पर अग्रसर हो सके। पंत जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को उनके पद चिन्हों पर आज चलने की जरूरत है। देश को आगे बढ़ाने के लिए सभी को अपने नैतिक दायित्व निभाने के साथ ही एकता अखंडता और स्वतंत्रता को अपनाने में अहम भूमिका निभानी होगी। कार्यक्रम में नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सुश्री पूजा, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक डीआर वर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बलवंत कंबोज, युवा मोर्चा अध्यक्ष बॉबी संभल, पूर्व चेयरमैन रामबाबू मिश्रा, कैलाश चंद्र पंत राजकुमार सेतिया, अरुण प्रकाश, विनोद श्रीवास्तव, उमेश तिवारी, इस्तकार अंसारी, गुरदयाल सिंह मेहरा नगर पंचायत के सभासद हेमंत पांडे, रंजू देवी, योगेश उपाध्याय, दीपक बत्रा, राजलक्ष्मी पंडित, रविशंकर तिवारी, संजीव शर्मा, बीना जोशी, तारा पांडे, रश्मि कबड्वाल, गीता भट्ट, शालू अरोड़ा, कार्यक्रम के संचालक धन सिंह बिष्ट सहित तमाम विद्यालयों के नन्हे मुन्ने बच्चे मौजूद थे। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। कार्यक्रम के संयोजक संजय अरोरा ने सभी स्कूली बच्चों को पुरस्कृत भी किया। साथ ही राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का संदेश पढ़कर सभी क्षेत्रवासियों को सुनाया गया।
फोटो परिचय- लालकुआं में आयोजित पंत जयंती समारोह का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ करते क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन बिष्ट व अन्य गणमान्य लोग।

To Top