लालकुआं। बिन्दुखत्ता वनाधिकार समिति द्वारा लालकुआं तहसील में आयोजित एकदिवसीय धरना कार्यक्रम जिसे चाय पर चर्चा का नाम दिया गया है में सैकड़ो की संख्या में ग्रामीणों ने शिरकत करते हुए बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव घोषित करने की राज्य सरकार से मांग की।
लालकुआं तहसील प्रांगण में एकदिवसीय धरना कार्यक्रम के दौरान बिंदुखत्ता से जुड़े तमाम राजनीतिक एवं स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर से तत्काल बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की मांग की। इस मौके पर कार्यक्रम में पहुंची मातृशक्ति ने भी जल्द ही बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के लिए सख्त कदम उठाने की सरकार से मांग की। प्रातः से दोपहर तक धरना चलता रहा, जिसमें लगभग दो दर्जन से अधिक वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में कांग्रेस, भाजपा, पूर्व सैनिक संगठन और वनाधिकार समिति से जुड़े लोगों ने शिरकत की।





