उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में घास काटने गई महिला को बाघ ने बनाया निवाला…परिवार में मचा कोहराम…

हल्द्वानी। यहां फतेहपुर रेंज क्षेत्र में गुरुवार को उस समय दहशत फैल गई, जब घास लेने जंगल गई महिलाओं पर बाघ ने हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय गंगा देवी की दर्दनाक मौत हो गई। महिला का शव जंगल में करीब तीन किलोमीटर अंदर बरामद किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पीपल पोखरा निवासी गंगा देवी गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बहू और अन्य दो महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने पीछे से गंगा देवी पर झपट्टा मार दिया। साथी महिलाओं ने शोर मचाया, लेकिन बाघ महिला को जंगल के भीतर घसीट ले गया।
महिला की बहू पुष्पा गोस्वामी ने बताया कि वे लोग घास काट रहे थे, तभी अचानक बाघ ने हमला कर दिया। “बाघ ने मेरी सास पर झपट्टा मारा और उन्हें खींचकर अंदर ले गया। हम लोग डर के मारे छिप गए। मैं ‘ईजा-ईजा’ चिल्लाती रही, लेकिन कुछ कर नहीं सके। बाघ करीब एक घंटे तक उनके शव को नोचता रहा,” उन्होंने रोते हुए बताया।
प्रत्यक्षदर्शी महिलाओं ने बताया कि जब वे चीख-पुकार सुनकर मदद के लिए आगे बढ़ीं तो बाघ महिला को नोच रहा था। उनके शोर मचाने पर बाघ उन्हें घूरने लगा, जिससे वे डरकर वापस गांव की ओर भाग आईं और ग्रामीणों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सर्च अभियान चलाया गया और जंगल के अंदर से गंगा देवी का शव बरामद किया गया। वन विभाग की टीम ने बाघ को खदेड़ने के लिए फायरिंग भी की, जिसके बाद बाघ शव छोड़कर भाग गया। शव पर गर्दन और कमर के हिस्से में गहरे घाव पाए गए हैं।
डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि महिला अपने परिवार के सदस्यों के साथ जंगल गई थी, तभी बाघ ने पीछे से हमला किया। उन्होंने कहा कि बाघ को ट्रेंकुलाइज (बेहोश) करने के लिए शासन से अनुमति मांगी जाएगी। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है, और ग्रामीणों को फिलहाल जंगल न जाने की सलाह दी गई है।
घटना के बाद पीपल पोखरा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
इधर क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने गंगा देवी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए वन विभाग से बाघ प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने तथा वन्य जीवों से ग्रामीणों की सुरक्षा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं प्रसिद्ध बाल ब्यास कपिल देव महाराज ने मृतका के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की, तथा पीड़ित परिवार को ढांढस बधांया।

To Top