हल्द्वानी। देश में गैस सिलेंडरों को लेकर दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही है, संबंधित विभाग और प्रशासन द्वारा एजेंसी संचालकों पर की जा रही सख्ती से गैस एजेंसी संचालक भी अत्यंत परेशान है। जहां एक ओर जहां चंपावत गैस एजेंसी के संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, वहीं लालकुआं सुरुचि इंडेन गैस सर्विस के प्रबंधक भी डिप्रेशन में आकर अस्पताल में भर्ती हैं।
कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा आंचलित चंपावत गैस एजेंसी के प्रबंधक ने अज्ञात कारणों के चलते संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार रात विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से चंपावत में इंडेन गैस एजेंसी का संचालन होता है। पुलिस के अनुसार, रविवार की रात गैस एजेंसी के प्रबंधक 55 वर्षीय दयाल रावत ने अज्ञात कारणों के चलते विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। पड़ोसियों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल जाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने उनके निवास पर पड़ताल की, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। हालांकि मामले की जांच शुरू हो गई है।
इधर सुरुचि इंडेन गैस सर्विस के प्रबंधक जीवन सिंह गैस सिलेंडरों की मारामारी के चक्कर में डिप्रेशन में आ गए, जिन्हें गत दिवस देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पता चला है कि जब से गैस सिलेंडरों को लेकर दिक्कतें बड़ी है, तब से प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा गैस एजेंसी पर भारी दबाव बनाया जा रहा है, साथ ही उपभोक्ता भी एजेंसी संचालकों पर सिलेंडर वितरण को लेकर बुरी तरह हावी हो रहे हैं। जिसके चलते गैस एजेंसी संचालक भी अत्यधिक परेशान हो गए हैं।





