हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित मंडी के भीतर गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किए गए। दोनों शवों के सिर कुचले हुए पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। समझा जा रहा है कि आरोपी युवक युवती की कहीं और हत्या कर लाश मंडी के भीतर सुनसान क्षेत्र में फेंक गए, तथा उनकी शिनाख्त ना हो इसके लिए पत्थर से दोनों के चेहरे कुचले गए हैं, जिसके चलते दोनों की पहचान नहीं हो पा रही है। वही उनके शव पास मिले पहचान पत्र भी संदिग्ध लग रहे हैं।
सुबह मंडी में काम के लिए पहुंचे मजदूरों और व्यापारियों ने शवों को देखा और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सार्वजनिक स्थान पर दो शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, उच्च अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घटनास्थल को तत्काल सील कर दिया गया है। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जो मौके से जरूरी सबूत जुटा रही है। पता चला है कि युवक के पास से दो आईडी मिली है जिसमें एक जनपद चंपावत और दूसरी जनपद अल्मोड़ा की बताई जा रही है। दोनों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक और युवती की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही स्थानीय थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मिलान किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की पहचान होने के बाद ही मामले की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटनास्थल पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।





