उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में युवती को बचाना पड़ा भारी, युवक ने नर्स पर बरसाए मुक्के…


हल्द्वानी।
हल्द्वानी में इंसानियत दिखाना एक नर्स को भारी पड़ गया। पड़ोस में एक युवती को पिटते देख जब नर्स ने विरोध किया तो आरोपी युवक ने उस पर ही हमला बोल दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दमुवादूंगा निवासी नर्स गीतांजली बोरा के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला एक युवक अक्सर अपनी महिला मित्र के साथ आता-जाता था। सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और युवक युवती को सड़क पर ही बेरहमी से पीटने लगा। यह दृश्य देख गीतांजली बोरा खुद को रोक नहीं सकीं और बीच-बचाव के लिए पहुंच गईं। उन्होंने युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन इससे वह भड़क उठा। आरोप है कि युवक ने पहले नर्स के साथ अभद्रता की और
बीच बचाव करने पर गुस्साए युवक ने नर्स पर मुक्के बरसा दिये।
बताया गया कि आरोपी ने नर्स के सीने और चेहरे पर लगातार मुक्के मारे। करीब पांच मिनट तक चली इस पिटाई के बाद गीतांजली बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी उसके घर में घुस चुका है, जिससे वह पहले से ही परेशान थी। फिलहाल वह पुलिस को तहरीर देने की तैयारी कर रही है। इस मामले में काठगोदाम थाना पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिल गई है और जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

To Top