हल्द्वानी। शहर में मनचले युवकों द्वारा की गई एक शर्मनाक घटना में बर्थडे पार्टी में शामिल होकर घर को लौट रही स्कूटी सवार युवती से दो युवकों द्वारा छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां राजपुरा में दोस्त की जन्मदिन पार्टी से रामपुर रोड स्थित अपने घर लौट रही युवती से बुलेट सवार दो युवकों ने छेड़खानी की। युवती के साथ मौजूद उसकी सहेली के भाई ने जब इसका विरोध किया तो युवकों ने उसे बेरहमी से पीट दिया।
युवती ने उनका वीडियो बनाया तो दोनों ने बरेली रोड तक पीछा किया। वहां छुपकर दोनों ने जान बचाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मयंक भंडारी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन की दोस्त को स्कूटी से घर छोड़ने जा रहा था। रात करीब दस बजे मिनी स्टेडियम मोड़ पर बिना नंबर
की बुलेट पर सवार दो युवक पीछे से ‘आए और हूटर बजाने लगे।
युवती ने जब पीछे देखा तो उन्होंने अश्लील इशारे किए। जेल रोड पर युवकों ने स्कूटी के आगे बुलेट लगाकर उन्हें रोका और युवती से छेड़छाड़ की।
विरोध करने पर उसे पीटा। एफटीआई मोड़ से वे बरेली रोड की तरफ भागे और एक दुकान के पीछे छिपकर जान बचाई। इसी बीच युवती का भाई भी परिवार के साथ वहां पहुंच गया जिसके बाद बुलेट सवार भाग निकले।
इधर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि पीछा करने वाले दोनों युवक अजय फर्त्याल निवासी फतेहपुर और अजय सिंह थापा निवासी बड़ी मुखानी को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हुड़दंग व अराजकता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





