हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर में सड़क का गड्डा एक महिला की जान का सबब बन गया। पति के साथ बाइक पर सवार होकर अपने पैतृक घर के लिए महिला निकली थी। सड़क के गड्ढे में जाने की वजह से बाइक अनियंत्रित हो गई और गिरने की वजह से महिला के सिर पर गंभीर चोट आ गई। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, शिवाजी नगर डहरिया निवासी संतोष कुमार यहां अपनी पत्नी मीना (49 वर्ष) व बेटा विकास के साथ रहते हैं। संतोष और मीना को पीलीभीत जाना था। दोनों बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे। विकास ने बताया कि खमरिया पुल
के पास सड़क पर एक गड्डा था। बाइक गड्ढे में जाते ही अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार उसके माता-पिता सड़क पर गिर गए। गिरने की वजह से मीना के सिर पर गंभीर चोट आई। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया। जिसके बाद संतोष पत्नी मीना को लेकर डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।





