

लालकुआं। बिंदुखत्ता राजस्व गांव का मामला अब तेजी पकड़ने लगा है, क्षेत्र के ग्रामीणों ने जहां संयुक्त संघर्ष समिति बनाकर 18 फरवरी को बिंदुखत्ता से लालकुआं तक जबरदस्त धरना प्रदर्शन कर आंदोलन की जबरदस्त तैयारी कर ली है, वहीं भारतीय जनता पार्टी और क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन बिष्ट ने डैमेज कंट्रोल करने के लिए बिंदुखत्ता के विभिन्न गांवों में बैठक कर प्रदर्शन के बजाय सरकार पर भरोसा करने का सुझाव दिया जा रहा है।
इधर बिंदुखत्ता राजस्व गांव की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर 18 फरवरी को आयोजित रैली को भव्य एवं विशाल रूप देने के लिए संघर्ष समिति की बैठक में आवश्यक निर्णय लेते हुए विभिन्न समितियों के गठन के साथ ही क्षेत्र वासियों से सपरिवार रैली में शिरकत करने की अपील की गयी।
यहां काररोड बिंदुखत्ता में संपन्न बिंदुखत्ता संघर्ष समिति की बैठक में वक्ताओं ने कहा बिंदुखत्ता राजस्व गांव की घोषणा को मुख्यमंत्री द्वारा विलुप्त किए जाने के बाद क्षेत्रवासी एक बार अपने को पुनः छला हुआ महसूस कर रहे हैं, और कोड़ में खाज का काम वना अधिकार समिति की पत्रावली को आपत्तियों के साथ वापस भेज कर किया है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश पनपा हुआ है। बैठक में वक्ताओं ने एकजुट होकर कहा कि बिंदुखत्ता राजस्व गांव के संघर्ष में सभी लोग दलगत राजनीति से हटकर एक मंच पर एकत्र हैं और इस लड़ाई को संघर्ष समिति के नेतृत्व में एकजुटता के साथ लड़ेंगे और परिणाम तक पहुंचा कर ही दम लेंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से ज्ञापन बनाने, बैनर पोस्टर तैयार करने, क्षेत्र वासियों को सभा स्थल तक लाने आदि हेतु अलग-अलग समितियों का गठन किया गया।
बैठक में संघर्ष समिति के कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, सूबेदार मेजर कुंदन सिंह मेहता, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, पुष्कर सिंह दानू, नवीन पपोला, अर्जुन नाथ गोस्वामी, भुवन चंद्र जोशी, श्याम सिंह रावत, हरीश बिसौती, गुरदयाल सिंह मेहरा, प्रमोद कालोनी, कुंदन सिंह चुफाल, रमेश कुमार, राजपाल, भरत नेगी, बिशनदत्त जोशी, विमला रौथान, दीपक जोशी, प्रदीप बथ्याल, उमेश भट्ट, कैप्टन हीरा सिंह बिष्ट, रंजीत सिंह गढ़िया, भगत सिंह बिष्ट, गोविंद वल्लभ भट्ट, राजेंद्र सिंह चौहान, कैप्टन खुशाल सिंह कोश्यारी, दलबीर सिंह कफोला, प्रभात पाल, नंदन बोरा, हीरा सिंह गडिया, नरेंद्र सिंह बिष्ट, संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उधर क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन बिष्ट द्वारा बिंदुखत्ता के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ बैठक कर लोगों को समझाया जा रहा है कि उत्तराखंड सरकार बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने के लिए संकल्पित है, तथा स्वयं विधायक जल्द ही बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रहे हैं, बैठकों में कहा जा रहा है कि धरना प्रदर्शन करने से राजस्व गांव बनाने में दिक्कत आएगी, ग्रामीण सरकार पर भरोसा रखें। इधर देर शाम क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन बिष्ट के नेतृत्व में भाजपा के एक शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल से भेंट करते हुए बिंदुखत्ता राजस्व गांव को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। शिष्ट मंडल में बिंदुखत्ता भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, हल्दुचौड़ मंडल अध्यक्ष रोहित दुम्का, भाजपा नेता कुंदन चुफाल सहित कई नेता मौजूद रहे।





