उत्तराखण्ड

व्यापारी के टुकटुक में गिरकर टूटा रेलवे फाटक, एक घंटा यातायात अवरुद्ध, व्यापारियों एवं रेल कर्मियों के बीच हो गया विवाद… देखें वीडियो…

लालकुआं। गेटमैन द्वारा अचानक रेलवे बैरियर बंद कर देने के दौरान उक्त सड़क से गुजर रहे व्यापारी के ई-रिक्शा से टकराकर बैरियर का पोल टूट जाने के बाद फाटक में मौजूद गेटमैन द्वारा व्यापारी को पकड़ लेने तथा बीच बचाव में आए व्यापारी नेता से मारपीट हो जाने पर एकत्रित व्यापारियों ने हंगामा मचा दिया, इस दौरान लगभग 1 घंटे तक रेलवे बैरियर बंद रहा, और दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शाम को लगभग 6:15 बजे गौला रोड रेलवे फाटक पर मौजूद गेटमैन फाटक के नीचे से टुक- टुक लेकर गुजर रहे एक व्यापारी के टुकटुक में अचानक रेलवे बैरियर गिर कर टूट गया। जैसे ही बैरियर टूटा तो वहां मौजूद गेटमैन ने दौड़कर टुकटुक चालक को पकड़ लिया, तभी वहां पर पहुंचे आसपास के व्यापारियों में कहा कि फाटक का बेरियर टूटने का असली कारण गेटमैन द्वारा बिना देखे तेजी से फाटक गिरा देना है। उन्होंने बताया कि टुकटुक पूरा निकल चुका था यदि गेटमैन थोड़ा सा संयम बरतता तो फाटक नहीं टूटता। व्यापारियों के विरोध के दौरान व्यापारी नेता संजय जोशी से गेटमैन की तीखी नोक-झोक हो गई, आरोप है कि इस दौरान मारपीट भी हुई। यह खबर जैसे ही अन्य व्यापारी नेताओं को लगी तो उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट एवं सभासद भुवन पांडे के नेतृत्व में भारी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने हंगामा कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि गेटमैन वाहनों को नहीं देखते हैं जब उन्हें बैरियर गिराना होता है तेजी से गिरा देते हैं, भले ही वह किसी के सिर में गिर जाये। उक्त बवाल के दौरान रेलवे फाटक सवा 7 बजे तक पूरी तरह बंद रहा। और सैकड़ो वाहन लंबी-लंबी कतार लगाकर सड़क के दोनों ओर खड़े हो गए, और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, 1 घंटे बाद बमुश्किल जाम खुल सका। तथा व्यापारी नेताओं ने दोनों पक्षों को समझा- बुझाकर शांत किया।
फोटो परिचय- रेलवे फाटक टूटने के बाद आपस में बहस करते रेल कर्मचारी और व्यापारी

To Top