हल्द्वानी। कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर आज रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया,यहां एक टैम्पो ट्रैवलर का ब्रेक अचानक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराया और सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान वाहन में सवार 17 पर्यटक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी पर्यटक नैनीताल घूमकर गाजियाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी मार्ग पर चलते वक्त अचानक वाहन के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका और वाहन हादसे का शिकार हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के अनुसार, 17 में से दो पर्यटकों की हालत गंभीर है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।





