उत्तराखण्ड

राजस्थान से फिल्मी स्टाइल में दबोचा हल्द्वानी और लालकुआं में लाखों रुपए के साइबर फ्रॉड का शातिर वारंटी…

लालकुआं। वर्ष 2021 में हल्द्वानी और लालकुआं कोतवाली क्षेत्र से लाखों रुपए साइबर फ्रॉड करने वाले शातिर वारंटी को हल्द्वानी और लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान से फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
कोतवाली हल्द्वानी और लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
हल्द्वानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता व प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में दोनों थानों की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। उक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और धरातलीय सूचनाओं के आधार पर दबिश देते हुए साइबर फ्रॉड से संबंधित वारंटी को थाना कामा, जिला डीग (राजस्थान) से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। अभियुक्त काफी समय से अपनी पहचान छिपाकर गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी इमरान पुत्र रईस
निवासी गदरवास, थाना खोह, जिला डीग, राजस्थान के विरुद्ध लालकुआं और हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में साइबर फ्रॉड से संबंधित मुकदमें पंजीकृत थे, और वह लंबे समय से न्यायालय में गैर हाजिर चल रहा था, जिसके चलते उसका वारंट जारी किया गया था। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी और लालकुआं में वाद संख्या- 2110/2021 व 2119/2021, धारा: 420, 120 बी आईपीसी व 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमे पंजीकृत हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में
मंगल पड़ाव पुलिस चौकी प्रभारी गौरव जोशी, कांस्टेबल संतोष बिष्ट, अपर उप निरीक्षक प्रेम नेगी–कोतवाली लालकुआं, और कांस्टेबल आनंद पुरी शामिल थे। कुख्यात साइबर ठग को दबोचने वाले चौकी प्रभारी गौरव जोशी का कहना है कि हल्द्वानी के मुकदमे में आरोपी ने 48000 की साइबर ठगी की है, वहीं कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा का कहना है कि वर्ष 2021 में सेंचुरी पेपर मिल के एक श्रमिक से उक्त साइबर अपराधी ने 1 लाख 3 हजार 118 रुपए की साइबर ठगी की थी, तब से पुलिस को इसकी तलाश थी, कई बार राजस्थान चक्कर लगाने के बावजूद वह हाथ नहीं आ पाया, और आज दोनों थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से फिल्मी स्टाइल में कुख्यात साइबर ठग को दबोचने में कामयाबी हासिल कर ली।
फोटो परिचय- पुलिस द्वारा राजस्थान से गिरफ्तार किया गया साइबर ठग

To Top