उत्तराखण्ड

लाल कुआं में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

लालकुआं। यहां क्षेत्र में निवास करने वाले 25 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया, पेशे से टुकटुक चालक युवक स्टेशन तिराहे पर ही टुकटुक के भीतर ही अचेत अवस्था में मिला, जिसे आसपास के लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं लेकर पहुंचे, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ प्रेमलता शर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक के परिजनों ने देर शाम कोतवाली पहुंचकर हत्या का शक जाहिर किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां वीआईपी गेट कॉलोनी क्षेत्र में निवास करने वाले मुकेश कुमार उम्र 25 वर्ष आज प्रातः लालकुआं रेलवे स्टेशन तिराहे पर खड़े टुकटुक के भीतर अचेत अवस्था में मिला, जिसे आसपास के लोग तुरंत ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं में ले गए। जहां चिकित्साधिकारी डॉ प्रेमलता शर्मा ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता मजदूरी करते हैं। जबकि उसके चार भाई और दो बहन हैं। युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक युवक नशे का आदी बताया जा रहा है, तथा वह पीलिया बीमारी से ग्रस्त बताया जा रहा है। महिला उप निरीक्षक वंदना चौहान के नेतृत्व में पहुंचे पुलिस बल ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया। इधर देर शाम लालकुआं कोतवाली पहुंचे मृतक के परिजनों ने मुकेश की हत्या का शक जाहिर करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इधर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा का कहना है कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, परिजनों की शिकायत की जांच की जाएगी।
फोटो परिचय- संदिग्ध परिस्थितियों में मरे युवक के शव के समक्ष मौजूद चिकित्सा कर्मी एवं पुलिस के जवान

To Top