लालकुआं। घरेलू गैस की हो रही किल्लत के बीच आज लालकुआं, बरेली रोड और बिंदुखत्ता क्षेत्र में गैस का वितरण बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वही क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन बिष्ट से इस संबंध में बातचीत नहीं हो पाने और संबंधित अधिकारियों द्वारा ठीक जवाब नहीं देने से स्थिति और विकट होती जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले 15 दिन से क्षेत्र में गैस सिलेंडरों को लेकर उपभोक्ताओं द्वारा अत्यधिक हाई तौबा मचाई जा रही है। जिला प्रशासन की देखरेख में सिलेंडरों का क्षेत्र में वितरण किया जा रहा है। गत दिनों ईद और रविवार की छुट्टी के बाद आज मंगलवार को बरेली रोड, बिंदुखत्ता और लालकुआं शहर क्षेत्र में गैस का वितरण ठप रहा, इस संबंध में सुरुचि इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक जीवन सिंह से बात की गई तो उनका कहना है कि गोदाम में गैस सिलेंडर पूरी तरह समाप्त हो गए हैं, उनके द्वारा आर्डर दिया गया है, और काशीपुर प्लांट में आज उनकी एक गाड़ी लगाई जा रही है, शाम तक सिलेंडर की एक गाड़ी आ जाएगी, जिसमें 360 सिलेंडर होंगे।
इधर क्षेत्र में प्रतिदिन 600 से अधिक सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं, जो कि आज पूरी तरह ठप्प रहे। इस संबंध में डीएसओ मनोज बर्मन का कहना है कि वह देहरादून स्थित इंडियन ऑयल के अधिकारियों से वार्ता कर स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। गैस वितरण को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ मोहन बिष्ट से बात करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। जबकि लालकुआं, 25 एकड़, इंदिरानगर बिंदुखत्ता और बरेली रोड क्षेत्र से उपभोक्ता पत्रकारों को फोन करके अपनी परेशानी से रूबरू करा रहे हैं। आज क्षेत्र में गैस वितरण नहीं होने से जहां लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वही आने वाले समय में गैस की उपलब्धता को लेकर भी लोगों में आशंका घर कर रही है।





