लालकुआं। गत 18 फरवरी को बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग को लेकर हुए ऐतिहासिक धरना प्रदर्शन के बाद यहां के ग्रामीण राजस्व गांव की मांग को लेकर अब मुखर हो रहे हैं। वनाधिकार अधिनियम के तहत पिछले डेढ़ माह से उपखण्ड स्तरीय समिति में लंबित पत्रावली को लेकर बिन्दुखत्ता के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल से भेंट करते हुवे पत्रावली पर शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया। साथ ही गत बुधवार को संयुक्त संघर्ष समिति की रैली को शांति पूर्ण व संयमित रूप से संपन्न कराने के लिए उनका आभार प्रकट किया।
संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी के नेतृत्व में जिलाधिकारी नैनीताल से कैंप कार्यालय हल्द्वानी में मिले शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि लंबे समय से जिला स्तर पर लटकी पत्रावली का शीघ्र निस्तारण किया जाए। शिष्ट मंडल ने अनुरोध किया की पत्रावली में साक्ष्य के तौर समस्त अभिलेख लगाए गए हैं। इसके बावजूद भी अगर कोई कमी है तो उसका निस्तारण समिति द्वारा नियमों के तहत कर दिया जाएगा, साथ ही कहा कि उन्हें इस संबंध में विधिवत अपनी बात रखने हेतु आमंत्रित किया जाए, ताकि प्रभावित समुदायों को वन अधिकार प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने इस मामले में सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की और शिष्टमंडल को मार्च के प्रथम सप्ताह में साक्ष्यों के साथ बुलाने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व शिष्टमंडल ने गत बुधवार को संयुक्त संघर्ष समिति बिंदुखत्ता द्वारा निकाली गई रैली में जिला प्रशासन के संयमित सहयोग के लिए उनका आभार प्रकट किया।
शिष्ट मंडल में वन अधिकार समिति के संरक्षक श्याम सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रभात पाल, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष कैप्टन खिलाफ सिंह दानू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पुष्कर दानू, हरीश बिसौती, कैप्टन चंचल सिंह कोरंगा, ऑर्डिनरी कैप्टन दलवीर सिंह कफोला शामिल रहे।
बॉक्स
लालकुआं।
उद्योग व्यापार मंडल काररोड बिंदुखत्ता के अध्यक्ष प्रभात पाल ने बिंदुखत्ता के मुख्य बाजार कार रोड़ चौराहा पर स्ट्रीट लाइट लगाने व सफाई व्यवस्था से संबंधित ज्ञापन सोपा। इसके अलावा संयुक्त संघर्ष समिति ने सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल से हुए समझौते के अनुरूप पश्चिमी घोड़ानाला क्षेत्र में नलकूप व ओवरहेड टैंक लगाने का कार्य शुरू करने की मांग की तथा उन्हें इस समझौते से संदर्भित पत्र की छायाप्रति उपलब्ध करायी । जिस पर जिलाधिकारी ने समझौते के अनुरूप कार्य कराने का आश्वासन दिया तथा इस संदर्भ में एसडी एम हल्द्वानी को निर्देशित किया है। इसके साथ ही कार रोड़ मुख्य बाजार में स्ट्रीट लाइट आदि के संबंध में शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया।





