लालकुआं। क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तराखंड पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (पिटकुल) द्वारा धौलाखेड़ा में बनाए जा रहे निर्माणाधीन 132 केवी उपसंस्थान के लिए आज 40 MVA क्षमता के दो इकाई ट्रांसफार्मर में से पहले ट्रांसफार्मर को बतौर मुख्य अतिथि मौजूद भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने हरी झंडी दिखाकर सितारगंज से धौलाखेड़ा उपसंस्थान के लिए रवाना किया।
मुख्य अतिथि कोश्यारी ने कहा कि उक्त ट्रांसफार्मरों के स्थापित हो जाने से लालकुआं, गौलापार, हल्द्वानी, बिंदुखत्ता एवं अनेकों गांवों को निर्बाध बिजली प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि इस नवनिर्मित उपसंस्थान के चालू होने से आसपास के एक बड़े इलाके को सीधा फायदा पहुंचेगा। विशेष रूप से लालकुआं, गौलापार तथा इससे संबद्ध निकटवर्ती शहरों व दर्जनों गांवों में लंबे समय से चली आ रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का स्थायी रूप से निवारण हो जाएगा। उपसंस्थान के शुरू होते ही इन शहरों और गांवों को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि धौलाखेड़ा में निर्माणाधीन इस महत्वपूर्ण उपसंस्थान का सिविल और तकनीकी कार्य पिटकुल के एमडी प्रकाश चंद ध्यानी के नेतृत्व एवं प्रयासों व निदेशक (परिचालन) जीएस बुदियाल, मुख्य अभियंता एचएस ह्यांकि तथा अन्य पिटकुल अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा निर्धारित समय सीमा से पूर्व लगभग पूर्ण किया जा चुका है। 40 मेगावोल्ट एम्पीयर के ट्रांसफॉर्मर्स की स्थापना का कार्य किया जाएगा। ट्रांसफार्मर की स्थापना के कुछ समय बाद ही इस उपसंस्थान को पूरी तरह से ऊर्जीकृत कर दिया जाएगा।
मौके पर मुख्य रूप से अधीक्षण अभियंता एलएम बिष्ट, अधिशासी अभियंता अरविंद सिंह रावत, सहायक अभियंता राजेश त्यागी, हेमंत जोशी, अवर अभियंता विवेक जौहरी, मोहन बिष्ट, बिशन राणा, युगल किशोर राय, आशु सैनी तथा कार्यदाई संस्था फ्लोमोर की ओर से राजेश ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।
फोटो परिचय- धौलाखेड़ा को रवाना किए गए ट्रांसफार्मर को हरी झंडी दिखाते भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी





