सेंचुरी पेपर मिल में पहुंची भारतीय महिला स्टार क्रिकेटर मेघना सिंह ने मातृशक्ति एवं युवाओं को प्रेरित करते हुए दिए कामयाबी के टिप्स
लालकुआं। सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल में पहुंची भारत की प्रसिद्ध तेज गेंदबाज मेघना सिंह ने कार्यक्रम के दौरान युवाओं विशेष तौर पर युवतियों को प्रेरित करते हुए पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं शारीरिक दक्षता में भी बने रहने के टिप्स देते हुए इसे बालिकाओं के लिए आवश्यक बताया इस मौके पर उन्होंने अपने जीवन एवं कामयाबी के संघर्ष को लेकर भी काफी देर तक चर्चा की।
सेंचुरी पेपर मिल के कम्युनिटी हॉल में भारत की प्रसिद्ध महिला क्रिकेटर मेघना सिंह के आगमन पर आयोजित नारी अधिकार, समानता तथा महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक योगदान को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत की प्रसिद्ध महिला क्रिकेटर मेघना सिंह ने कहा कि जीवन में शारीरिक दक्षता दृढ़ निश्चय और कठिन परिश्रम के बलबूते कुछ भी हासिल किया जा सकता है मेघना ने बताया कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार के सहयोग एवं अपने दृढ़ संकल्प के चलते यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे एक बेटी हैं। उन्होंने कहा कि बेटियाँ केवल परिवार की शान ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की शक्ति भी हैं। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि यदि परिवार और समाज का सहयोग मिले तो बेटियाँ हर क्षेत्र में असंभव को संभव कर सकती हैं। उन्होंने युवतियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का संदेश दिया।
सेंचुरी पेपर मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि आधुनिक समय में महिलाएँ शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, उद्योग, प्रशासन और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने मेघना द्वारा हाल ही में महिला विश्व कप में किए गए उनके विशेष प्रदर्शन के लिए उनका आभार जता कर उज्जवल भविष्य की कामना की।
मिल के सीओओ प्रणव शर्मा ने कहा कि आज की महिला शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्योग और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है। मिल के सीएफओ महेन्द्र हरित, उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा, अमित गंगवाल और परितोष राय ने भी मेघना सिंह द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए किए गए जबरदस्त प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आज बालिका मेघना की तरह कई प्रतिभावान बालिकाएं अपनी क्षमता और प्रतिभा से समाज को नई दिशा दे रही हैं। इस अवसर पर महाप्रबंधक एसके बाजपेयी, महिला क्लब की अध्यक्ष निधी गुप्ता, रश्मि हरित, मीरा शर्मा, माधुरी गंगवाल, प्रतिमा जैन सहित सैकड़ों मातृ शक्तियाँ उपस्थित रहीं। इस दौरान क्रिकेटर मेघनाथ सिंह को सम्मानित किया गया फोटो परिचय- भारत की प्रसिद्ध महिला क्रिकेटर मेघना सिंह को सम्मानित करते सेंचुरी मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता





