हल्द्वानी। इन दिनों नैनीताल जिला प्रशासन पेट्रोल पंपों के खिलाफ आ रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उन पर त्वरित गति से करवाई करवा रहा है, इसी क्रम में क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सूखाताल व भटेलिया पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन ने दोनों पंपों में मिली खामियों पर पंप संचालकों को दस-दस हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। मानस फिलिंग प्वाइंट भटेलिया में ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा नहीं दी जा रही थी। यहां अभिलेखों की कमी भी पाई गई। वाहनों में हवा भरने की सुविधा भी नहीं थी। सूखाताल पंप संचालक को आयुक्त दीपक रावत ने 24 घंटे खुले रखने के आदेश दिया, मगर ऐसा नहीं हुआ। यहां सामान्य पेट्रोल उपलब्ध न होने के कारण जनता को दिक्कत हो रही है। लोगों को मजबूरी में एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल भरवाना पड़ रहा है। यहां भी हवा भरने की मशीन खराब पाई गई। टीम में पूर्ति निरीक्षक गौरव जोशी आदि रहे।





