लालकुआं। बिंदुखत्ता राजस्व गांव की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति के 18 फरवरी को लालकुआं तक किए जाने वाले जुलूस प्रदर्शन एवं जनसभा की जहां ग्रामीणों द्वारा जबरदस्त तैयारी की जा रही है। वहीं जिला पुलिस प्रशासन द्वारा भी आंदोलनकारी संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ उक्त आंदोलन के वृहद स्वरूप को देखते हुए बैठक की गई। जिसमें भीड़ को नियंत्रित करने एवं सुरक्षा मानकों को लेकर उन्हें व्यापक रूप से निर्देश दिए गए। तथा दोनों पक्षों ने बातचीत के जरिए आंदोलन के कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वह जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपेंगे। जबकि उनके द्वारा जड़ सेक्टर स्कूल में जनसभा करने के बाद लालकुआं तहसील में धरना दिया जाएगा। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित होगा। मौजूद प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगभग 200 वालंटियर नियुक्त किए हैं, तथा पूर्व सैनिक भी वॉलिंटियरों के रूप में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में बुजुर्ग भी शामिल हो रहे हैं, यदि किसी को कोई दिक्कत हुई तो दो एंबुलेंस भी आपातकाल के लिए संघर्ष समिति द्वारा मंगाई गई है। इस अवसर पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी बाजपेई, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा पुलिस प्रशासन की ओर से मौजूद रहे। जबकि प्रदर्शनकारियों का प्रतिनिधित्व कर रहे संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक इंद्र सिंह पनेरी और कुंदन सिंह मेहता, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, वनाधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, हरीश बिसौती, प्रभात पाल, प्रकाश मिश्रा, उमेश चंद्र भट्ट, पुष्कर सिंह दानू, गुरदयाल सिंह मेहरा सहित कई प्रतिनिधि मौजूद थे।





