उत्तराखण्ड

युवती के साथ नैनीताल घूमने आए युवक की सन्दिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से मचा हड़कंप…

नैनीताल। सरोवर नगरी में उस समय हड़कंप मच गया, जब नैनीताल घूमने आए एक 20 वर्षीय युवक की होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपनी महिला मित्र के साथ शनिवार देर शाम पौड़ी गढ़वाल के सतपुली से नैनीताल पहुंचा था। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सतपुली निवासी सुमित सिंह (पुत्र दिनेश सिंह) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत का कारण संदिग्ध दवाओं के ओवरडोज से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
जानकारी के अनुसार, सुमित अपनी महिला मित्र के साथ तल्लीताल स्थित एक होटल में ठहरा था। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि कमरे में रहते हुए युवक ने कुछ दवाओं का सेवन किया था, जिसके बाद वह बेहोश हो गया।
युवक को बेहोश होता देख उसकी महिला मित्र घबरा गई और शोर मचाया। आवाज सुनकर होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे बी.डी. पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में मृत घोषित
बी.डी. पांडे अस्पताल के डॉक्टर सुनील ने बताया कि युवक को अस्पताल लाए जाने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
डॉक्टर के अनुसार, “मरीज को सुबह हमारे पास लाया गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
पुलिस के मुताबिक, होटल के कमरे से दवा का रैपर और एक सिरप बरामद हुआ है। सूत्रों के अनुसार, युवक ने संभवतः शक्ति वर्धक दवाओं का अधिक सेवन कर लिया था, जिससे उसके शरीर पर विपरीत प्रभाव पड़ा। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सुमित के साथ आई युवती ने पुलिस को बताया कि वे दोनों परिजनों को जानकारी देकर ही नैनीताल घूमने आए थे। उसने कहा कि जैसे ही सुमित की तबीयत बिगड़ी, उसने तुरंत दोनों पक्षों के परिजनों को सूचना दे दी। सूचना मिलने पर रविवार सुबह दोनों परिवार नैनीताल पहुंच गए।
तल्लीताल थाना पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक ने कौन-सी दवाओं का सेवन किया था और वे दवाएं कहां से लाई गई थीं। होटल स्टाफ और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

To Top