हल्द्वानी। हल्द्वानी से दिल्ली को जा रहे हल्द्वानी निवासी युवकों की कार मुरादाबाद के मुंडा पांडे के समीप ईटों से लदे ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ गई। हाईवे पर हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे उत्तराखंड के चार परिवारों में कोहराम मच गया है। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास सोमवार सुबह एक अनियंत्रित कार आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार हल्द्वानी निवासी चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।
शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने की वजह से कार पर से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। मूंढापांडे पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थानीय लोगों की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला।
हादसे का शिकार हुए सभी पांचों युवक उत्तराखंड के हल्द्वानी के रहने वाले थे और दिल्ली की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान अनिल नेगी, सुंदर सिंह, भुवन भंडारी और दयाल सिंह के रूप में हुई है। हादसे में घायल यशदीप पांडे को इलाज के लिए मुरादाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद मूंढापांडे सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने कार सवार पांच युवकों में से चार को मृत घोषित कर दिया।
सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि हादसे मे दयाल रावत निवासी वीमिला कंपाउंड पालीवाल नैनीताल, अनिल नेगी (38), सुंदर सैनी (42), भुवन भंडारी( 37)हल्द्वानी की जान चली गई।
चालक यशदीप पांडे निवासी हल्द्वानी गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक भाग निकला।
इधर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए जिला प्रशासन को राहत कार्य में तेजी लाने और घायल के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।





