उत्तराखण्ड

गौला नदी से निकल रही ओवरलोड खनन लदी दो गाड़ियों का एआरटीओ ने किया चालान… अवैध खनन पर प्रशासन सख्त…

लालकुआं। जिलाधिकारी निर्देश पर क्षेत्र में परिवहन विभाग ने ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 116 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 5 वाहनों को सीज किया गया। अभियान के तहत तीन लाख तीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
गौला नदी से लालकुआं गेट पर खनिज निकासी के दौरान ओवरलोडिंग की मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। बरेली रोड और रामपुर रोड पर विशेष रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
यह अभियान एआरटीओ (प्रवर्तन) जितेंद्र सांगवान के नेतृत्व में चलाया गया। उनके साथ परिवहन कर अधिकारी अनुभा आर्य, परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडेय, परिवहन उपनिरीक्षक आरसी पवार, गिरीश कांडपाल ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग की।
इस दौरान एआरटीओ जितेंद्र सांगवान ने वन विकास निगम की चौकी का निरीक्षण कर वहां तैनात कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज माल का लदान न किया जाए। उन्होंने चौकी के रिकॉर्ड की भी जांच की।
एआरटीओ (प्रवर्तन) जितेंद्र सांगवान के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि गौला नदी से खनन लेकर निकल रहे वाहनों में अवैध रूप से ओवरलोड खनन सामग्री लाई जा रही है, जिसकी वह जिलाधिकारी नैनीताल से शिकायत भी कर रहे हैं, साथ ही वन विकास निगम एवं वन विभाग से इस पर पुख्ता कार्रवाई करने के निर्देश भी दे रहे हैं।
फोटो परिचय- खनन लदे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते एआरटीओ

To Top