लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र में होली पर्व के अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं होली महोत्सव कार्यक्रम ने देर रात तक रंग और रस की अनोखी छटा बिखेरी। लगभग चार घंटे तक चले इस आयोजन में प्रख्यात ध्रुपद गायकों प्रदीप चोपड़ा-आस्था चोपड़ा तथा विकास चोपड़ा-दीपा चोपड़ा की सुरमयी जुगलबंदी ने उपस्थित ग्रामीणों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में होली पर्व से जुड़े दो दर्जन से अधिक पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत किए गए, जिन पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और होली के रंग में सराबोर नजर आया। ग्राम दीना सहित हल्दूचौड़ क्षेत्र से भारी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
होली के उल्लास, पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक समन्वय से सजी इस संध्या ने ग्रामीण अंचल में सांस्कृतिक एकता और उत्साह का संदेश दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजन में रमेश चंद्र चोपड़ा, राधिका चोपड़ा, हरीश चंद्र चोपड़ा, बसंती चोपड़ा, मनोहर पलड़िया, पंकज चोपड़ा, सुमित नैनवाल, रोहित चोपड़ा, कमला कफल्टिया, रेखा चंदोला, कमला भट्ट, रेखा कफल्टिया, गीता भट्ट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं मातृशक्ति मौजूद रहे।
होली महोत्सव की यह रंगारंग संध्या क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय तक यादगार बनी रहेगी।





