हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर में दुकान में कपड़े खरीदने गए ग्राहक पर कैंची से हमला करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यहां बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नई बस्ती आस्ताना मस्जिद निवासी अनस की ओर से दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा कि 13 फरवरी की रात वह कपड़े खरीदने के लिए मोहल्ले के ही जावेद की दुकान पर गया था। इसी बीच पुराने लेनदेन पर उसकी जावेद से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर जावेद का भाई मुस्तफा और बहन भी वहां आ धमके और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि जावेद ने दुकान में रखी कैंची से उसकी छाती पर वार कर दिए जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर उसकी पत्नी शन्नो भी मौके पर पहुंच गई। घायल अवस्था में उसे बेस अस्पताल लाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसके चार टांके आए हैं। पांच दिन वह आईसीयू में भर्ती रहा। थानाध्यक्ष दिनेश फर्त्याल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।





